वाराणसी: समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा द्वारा चितईपुर स्थित बसंती वाटिका में अधिवक्ता सम्मान समारोह सकुशल संपन्न हुआ। इस आयोजन का नेतृत्व प्रदेश सचिव एडवोकेट सुनील कुमार सिंह ने किया तथा अध्यक्षता एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष सिकंदर यादव, सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान, चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह और पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्य अतिथि सिकंदर यादव ने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज का दर्पण हैं और उनके साथ हो रहे दुर्व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा का वादा किया। वहीं, पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल ने आगामी चुनाव में अधिवक्ताओं से पार्टी को मजबूती देने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया। एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि अधिवक्ताओं की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ी जाएगी।
समारोह में प्रदेश सचिव सुनील सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। संचालन तहसील बार एसोसिएशन राजातालाब के पूर्व अध्यक्ष सर्वजीत भारद्वाज ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पूर्व जिलाध्यक्ष आत्माराम यादव ने दिया।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव अधिवक्ता सभा अमित कुमार यादव, पूर्व अध्यक्ष सेंट्रल बार एसोसिएशन मोहन यादव, पूर्व विधायक महेंद्र सिंह पटेल, जिलाध्यक्ष महिला सभा शशि यादव सहित कई अधिवक्ता, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।