भदोही: थाना ज्ञानपुर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस ने वांछित अभियुक्त आकाश उपाध्याय उर्फ धम्मू पुत्र राजकुमार उपाध्याय (निवासी बनकट, थाना ज्ञानपुर, जनपद भदोही, उम्र 25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 2:50 बजे थाना ज्ञानपुर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वैदा खास तिवारीपुर की ओर से आ रहा मोटरसाइकिल सवार पुलिस को दिखाई दिया। रोकने पर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर झोंक दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली अभियुक्त के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी।
गंभीर रूप से घायल अभियुक्त को तत्काल जिला अस्पताल ज्ञानपुर ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त थाना ज्ञानपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 218/2025 धारा 303(2) बीएनएस का वांछित था। उस पर एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसने चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस उसके अन्य अपराधों की भी जानकारी जुटा रही है।
अभियुक्त के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मौके पर पहुंचे पुलिस उच्चाधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Author: Ujala Sanchar
उजाला संचार एक प्रतिष्ठित न्यूज़ पोर्टल और अख़बार है जो स्थानीय, राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अन्य समाचारों को कवर करती है। हम सटीक, विश्वसनीय और अद्यतन जानकारी प्रदान करने के लिए समर्पित हैं।