लखनऊ: प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के सामने आत्मदाह करने वाले युवक की मौत हो गई। 26 वर्षीय योगेंद्र गोस्वामी ने 10 सितंबर को आत्मदाह किया था। सोमवार को इलाज के छठे दिन सिविल अस्पताल में उसने दम तोड़ दिया।
योगेंद्र अलीगढ़ के भोजपुर इलाके का निवासी था। आत्मदाह की इस घटना के बाद गौतमपल्ली थाने में योगेंद्र के मुंहबोले भाई-बहन गुड्डू और असमा समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज की गई थी।
आरोप है कि आसमा, गुड्डू और अन्य लोगों ने ही योगेंद्र को आत्मदाह के लिए उकसाया। घटना वाले दिन यानी 10 सितंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे योगेंद्र समाजवादी पार्टी कार्यालय के सामने पहुंचा था और वहीं उसने खुद को आग के हवाले कर लिया था।







