वाराणसी: पुलिस कमिश्नरेट की एसओजी-2 टीम ने डीसीपी क्राइम सरवणन टी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर सिगरा थाना क्षेत्र के मलदहिया इलाके में एक रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे देह व्यापार के धंधे का भंडाफोड़ किया।
एसीपी चेतगंज डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में पुलिस ने 5 युवतियों, रेस्टोरेंट के संचालक, एक ग्राहक और एक स्टाफ को हिरासत में लिया। मौके से पुलिस ने शक्तिवर्धक दवाएं भी बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार, यह रैकेट अनोखे तरीके से संचालित हो रहा था। बिल्डिंग के तीसरे फ्लोर पर स्थित रेस्टोरेंट में युवतियां ग्राहक बनकर बैठती थीं। यदि कोई ग्राहक किसी युवती को पसंद करता था, तो उसे बिल्डिंग के पांचवें फ्लोर पर ले जाया जाता था। वहां बने 5 कमरे इस गैरकानूनी गतिविधि के लिए इस्तेमाल किए जाते थे।
फिलहाल पुलिस रैकेट के सरगना की तलाश में जुटी है और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे अन्य अवैध धंधों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी।








