Search
Close this search box.

गाजीपुर: महिला मत्स्य उद्यमी डॉ. सुबुही आब्दी ने पीएम मोदी से किया संवाद, हौसला बढ़ा, नगरवासी उत्साहित

गाजीपुर। नगर की वार्ड 10 निवासी महिला मत्स्य उद्यमी डॉ. सुबुही आब्दी (चीक) ने नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने मत्स्य पालन और उद्यम से जुड़ी गतिविधियों में सफलता के लिए डॉ. आब्दी को महत्वपूर्ण सुझाव और मार्गदर्शन दिया।

प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से डॉ. आब्दी और उनके परिजन सहित पूरा सादात कस्बा उत्साहित है। डॉ. आब्दी ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद में आयोजित हुआ, जिसमें देश के 8 राज्यों से उद्यमियों को आमंत्रित किया गया। उत्तर प्रदेश से वह एकमात्र मत्स्य उद्यमी के रूप में उपस्थित रहीं।

पीएम मोदी ने डॉ. आब्दी से उनके सजावटी मछली प्रजनन एवं पालन केंद्र के संचालन, पीएमएमएसवाई योजना के तहत प्रोजेक्ट से होने वाले लाभ और जुड़े वर्करों के बारे में जानकारी ली। साथ ही आवश्यक सुझाव भी दिए, जिससे डॉ. आब्दी ने कहा कि उन्हें नई ऊर्जा मिली है जो उनके प्रोजेक्ट के विकास में सहायक होगी।

डॉ. आब्दी सादात में उत्तर प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और मत्स्य विभाग के सहयोग से सजावटी मछली का प्रजनन एवं पालन केंद्र संचालित कर रही हैं। उन्होंने सादात के समता इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट किया और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से एमफिल एवं पीएचडी की। डॉ. आब्दी मत्स्य से जुड़े कई अनुसंधान कर चुकी हैं और उत्तर प्रदेश मत्स्य विभाग के साथ दो वर्ष कार्य कर चुकी हैं।

वह युवाओं को प्रशिक्षित कर मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देना चाहती हैं, जिसमें महिलाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित हो। उनके इस उपलब्धि पर नगरवासी और शुभेच्छु उन्हें बधाई दे रहे हैं और उद्यम के उत्तरोत्तर विकास की कामना कर रहे हैं।

ब्यूरोचीफ: संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें