सोनभद्र। 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित आगमन को लेकर जिले में तैयारियां पूरी तरह सक्रिय हो गई हैं। ओबरा विधानसभा क्षेत्र के चोपन में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव गौड़, जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह और भाजपा के वरिष्ठ नेता अशोक मिश्रा उपस्थित रहे। उन्होंने चोपन रेलवे खेल मैदान और रेल कर्मचारी इंटर कॉलेज में कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री संजीव गौड़ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर मुख्यमंत्री का सोनभद्र आगमन जनजातीय समाज के लिए गर्व का विषय होगा। उन्होंने बताया कि यह दौरा प्रदेश सरकार की जनजातीय समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को योजनाबद्ध और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। निरीक्षण में हेलीपैड, पार्किंग, मंच और सभा स्थल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस, नगर पंचायत, बिजली विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।









