Search
Close this search box.

गाजीपुर: कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में नोनहरा कांड के पीड़ित परिवार को दिलाई आवाज, महंगाई–भ्रष्टाचार पर सरकार को घेरा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

गाजीपुर। कांग्रेस पार्टी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर नोनहरा कांड के पीड़ित परिवार को न्याय न मिलने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। पार्टी ने महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर भी राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया।

प्रेस वार्ता को कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से संबोधित किया। दोनों नेताओं ने सवाल उठाया कि भाजपा कार्यकर्ता स्वर्गीय सियाराम उपाध्याय की पुलिस पिटाई से हुई मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा दिए गए आश्वासन का क्या हुआ?

नेताओं ने कहा,“मुख्यमंत्री ने नौकरी और न्याय देने का वादा किया था, लेकिन आज तक परिवार को कोई राहत नहीं मिली। दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? एसआईटी जांच की रिपोर्ट कहां है, और एफआईआर अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं की गई?”

जिलाध्यक्ष सुनील राम ने बताया कि घटना के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सबसे पहले पीड़ित परिवार से मिले थे और न्याय की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा भी परिवार से मिले, लेकिन सरकार ने सिर्फ औपचारिकता निभाई।

उन्होंने आगे कहा कि गाजीपुर में चल रही एसआईआर (Special Summary Revision) प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने बीएलओ और संबंधित अधिकारियों से घर-घर जाकर सत्यापन करने की अपील की। साथ ही, बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने नगर में सीवर निर्माण कार्य में व्याप्त भ्रष्टाचार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि गड्ढेदार सड़कों, जाम नालों और गंदगी की समस्या ने शहरवासियों का जीवन दुष्कर बना दिया है। “तहसील और पुलिस थानों में भ्रष्टाचार चरम पर है। सरकार को उच्च स्तरीय जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करनी चाहिए।”

कांग्रेस नेताओं ने बेमौसम बारिश से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया और कहा कि अब तक मुआवजे का वितरण नहीं किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जनसमस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया, तो कांग्रेस एक बड़ा जन आंदोलन छेड़ेगी।

प्रेस वार्ता में अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, हामिद अली, कुसुम तिवारी, सतीश उपाध्याय, मंसूर जैदी, ओमप्रकाश यादव, शबीहुल हसन, अखिलेश यादव, आशुतोष गुप्ता समेत अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

ब्यूरोचीफ – संजय यादव

Leave a Comment

और पढ़ें