बलिया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बुधवार को तहसील सदर के राजस्व ग्राम मिड्ढा में धान की फसल पर क्रॉप कटिंग प्रयोग (CCE) किया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह स्वयं खेत में पहुंचे और फसल कटाई की प्रक्रिया का निरीक्षण किया।
प्रयोग के दौरान किसान कुबेरनाथ के खेत से 16.350 किलोग्राम धान की उपज दर्ज की गई। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खेत में 10 मीटर का समबाहु त्रिभुज बनाकर फसल काटी गई, और उपज का वजन कर आंकलन पूरा किया गया।
पूरी प्रक्रिया को CCE Agri एप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किया गया, ताकि कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर अपर सांख्यिकीय अधिकारी मनीष कुमार जायसवाल, नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार यादव, राजस्व निरीक्षक मोतीलाल, लेखपाल अंकिता पाण्डेय, बीमा कंपनी के जिला समन्वयक प्रवीण पाण्डेय, तहसील समन्वयक बलवंत गुप्ता, ग्राम प्रधान और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।
डीएम ने मौके पर कहा कि फसल कटाई प्रयोग से किसानों को फसल बीमा का सही लाभ मिल सकेगा और उपज का वैज्ञानिक आंकलन होने से भविष्य की कृषि नीति निर्माण में भी मदद मिलेगी।
ब्यूरोचीफ- अवधेश यादव










