मिर्जापुर। पेंशनरों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। मुख्य कोषाधिकारी कार्यालय मिर्जापुर में एक अत्याधुनिक पेंशनर्स कक्ष का निर्माण कर उसका आज विधिवत उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में जिले के सबसे वरिष्ठ पेंशनर सहदेई देवी (आयु 102 वर्ष) एवं मिठाई लाल (आयु 104 वर्ष) ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर कक्ष का शुभारंभ किया। उद्घाटन के पश्चात दीप प्रज्ज्वलन और मां विंध्यवासिनी की पूजा-अर्चना भी की गई।

मुख्य कोषाधिकारी अर्चना त्रिपाठी ने बताया कि यह कक्ष जिलाधिकारी के निर्देश पर अप्रयुक्त कक्ष के जीर्णोद्धार के बाद बनाया गया है। इसमें पेंशनरों के बैठने, परामर्श और कार्य निस्तारण के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे अब पेंशनरों को अपने सेवानिवृत्ति कार्यों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कोषागार बाहरी गिरीश कुमार एवं कोषाधिकारी सौरभ सिंह भी मौजूद रहे। पेंशनर्स संघ के पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए जिलाधिकारी एवं मुख्य कोषाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
ब्यूरोचीफ: बसन्त कुमार गुप्ता









