मिर्जापुर। अहरौरा के मोहल्ला पट्टी खुर्द स्थित गुरुद्वारा गुरूतेग बहादुर साहिब जी में मंगलवार को गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में संगत द्वारा नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बाजे–गाजे और जयघोषों के बीच निकली यह यात्रा पूरे नगर में भ्रमण करती हुई पुनः गुरुद्वारे पहुंचकर संपन्न हुई। संगत ने “वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह” के जयकारों के साथ शहीदी दिवस को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीदी दिवस के अवसर पर गुरु तेग बहादुर साहिब जी के साथ भाई सति दास, भाई मती दास और भाई दयाल दास जी के बलिदान को भी नमन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार शाम 6:30 से 9:00 बजे तक भाई गगनदीप सिंह (लखनऊ) द्वारा कीर्तन दरबार सजाया गया। इसके उपरांत 25 नवंबर, मंगलवार की सुबह 9:00 बजे तक श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति हुई।
इसके बाद सुबह 10:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक दिवान का आयोजन किया गया, जिसमें 10:00 से 12:00 बजे तक भाई गगनदीप सिंह द्वारा कीर्तन किया गया। दिवान समाप्त होने के बाद शाम 4:00 बजे से नगर कीर्तन निकाला गया, जो पूरे नगर का भ्रमण कर सायं गुरुद्वारे में विश्राम को लौटा।
कार्यक्रम में सत्यपाल सिंह, जसबीर सिंह, श्रवण सिंह, अवतार सिंह, ईश्वर सिंह, कमल सिंह, राजू सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधन समिति और बड़ी संख्या में संगत उपस्थित रही।
रिपोर्ट: अनुप कुमार









