Search
Close this search box.

मीरजापुर: अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित

मीरजापुर: मीरजापुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने गुरुवार को गुडहट्टी स्थित कैंप कार्यालय पर भाजपा सभासदों के साथ भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पं. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर केशरी ने कहा कि आज देश अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती मना रहा है। उनका जन्म 25 दिसंबर 1924 को हुआ था। अटल जी की सोच, जीवन मूल्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण ने भारत को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि एक दूरदर्शी विचारक और राष्ट्रनायक थे।

उन्होंने कहा कि आज़ादी के बाद देश में विभिन्न विचारधाराएं कार्यरत थीं, जिनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रवादी विचारधारा ने देश के पुनर्निर्माण की नींव रखी। अटल जी इसी विचारधारा से निकलकर भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में रहे और बाद में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना में अहम भूमिका निभाई। दो सांसदों से शुरू हुई भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में देश ने परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनने का गौरव प्राप्त किया। अंतरराष्ट्रीय दबावों के बावजूद उन्होंने परमाणु परीक्षण कर देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाया। उनके कार्यकाल में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू हुईं, जिन्होंने भारत को नई दिशा दी।

उन्होंने अटल जी को अजातशत्रु बताते हुए कहा कि वे सभी दलों के बीच समान रूप से सम्मानित थे। संयुक्त राष्ट्र में दिया गया उनका हिंदी भाषण और उनकी कविताएं आज भी लोगों को प्रेरित करती हैं। उनकी पंक्ति “हार नहीं मानूंगा” आज भी देशवासियों को संघर्ष की प्रेरणा देती है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सभासद, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों को आत्मसात कर देश सेवा का संकल्प लिया।

ब्यूरोचीफ: बसंत कुमार गुप्ता

Leave a Comment

और पढ़ें