सोनभद्र। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने दुद्धी कोतवाली की जिम्मेदारी धर्मेंद्र कुमार सिंह को सौंपी है। पूर्व कोतवाली प्रभारी स्वतंत्र कुमार सिंह का स्थानांतरण क्राइम ब्रांच में कर दिया गया है।
मंगलवार को कोतवाली परिसर में निवर्तमान कोतवाल स्वतंत्र कुमार सिंह को भावभीनी विदाई दी गई तथा नवागत कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह का स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया और अधीनस्थ अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
कार्यभार संभालने के बाद नवागत कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और निर्दोषों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों व गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर बेहतर पुलिसिंग का भरोसा दिलाया।
बताया गया कि धर्मेंद्र कुमार सिंह इससे पूर्व आजमगढ़ व मऊ जनपद में विभिन्न थानों की कमान संभाल चुके हैं। दिसंबर माह के प्रथम सप्ताह में उनका स्थानांतरण सोनभद्र जनपद में हुआ था, जिसके बाद उनकी कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें दुद्धी कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवागत कोतवाल के सामने कस्बे में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाना और जाम की समस्या से निजात दिलाना बड़ी चुनौती मानी जा रही है।









