Search
Close this search box.

गाजीपुर: पुनीता सिंह खुशबू ने जनसंवाद कार्यक्रम में सुनीं जनसमस्याएँ, अधिकारियों से की त्वरित कार्रवाई की मांग

गाजीपुर। जनसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव एवं सदर विधानसभा प्रभारी पुनीता सिंह खुशबू ने आज ग्राम सभा लोनेपुर में आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएँ पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनीं। कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक स्तर की समस्याएँ, बिजली-पानी, स्वास्थ्य सेवाएँ एवं प्रशासनिक विषयों से जुड़ी कई अहम शिकायतें सामने आईं।

जनसंवाद के दौरान पुनीता सिंह खुशबू ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस अवसर पर शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषय पर एक गंभीर परिचर्चा का भी आयोजन किया गया।

परिचर्चा के मुख्य वक्ता यादव महासभा एवं पिछड़ा-दलित विकास महासंघ गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ‘साइकिल’ रहे। उन्होंने नई शिक्षा नीति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों को शिक्षित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, क्योंकि यही बच्चे भविष्य के समाज सुधारक बनेंगे। परिचर्चा में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने विचार रखे।

वक्ताओं ने इस बात पर बल दिया कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए ही स्थायी समाधान संभव है। कार्यक्रम के अंत में समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू का सैकड़ों लोगों ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सदैव जनहित, पर्यावरण संरक्षण तथा कानून के दायरे में रहकर निर्णय लेने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसंवाद जैसे कार्यक्रम जनता और नेतृत्व के बीच सेतु का कार्य करते हैं और समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम बनते हैं।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सेक्टर प्रभारी सिहासन यादव, जिला पंचायत प्रत्याशी अभिषेक यादव बिट्टू, ग्रामसभा बाघी के पूर्व प्रधान अशोक यादव, अजय यादव, बूथ अध्यक्ष टुन्नू यादव एवं कार्यक्रम संयोजक श्रीमती रीता सहित कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: उमेश यादव

Leave a Comment

और पढ़ें