चन्दौली। डीडीयू मंडल अंतर्गत रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मातृ शक्ति” के तहत मानवता और सेवा का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। मध्यरात्रि के समय एक यात्री दौड़ते हुए आरपीएफ पोस्ट डीडीयू पहुंचा और मदद की गुहार लगाई।
यात्री ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ गाड़ी संख्या 14224 डाउन से वाराणसी से राजगीर की यात्रा कर रहा था। डीडीयू स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही उसकी पत्नी को अचानक तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ डीडीयू के निर्देश पर मेरी सहेली टीम की उप निरीक्षक सरिता गुर्जर के नेतृत्व में टीम को तत्काल सहायता के लिए लगाया गया। उप निरीक्षक सरिता गुर्जर, सहायक उप निरीक्षक शाहिद खान तथा महिला आरक्षी संगीता देवी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचीं।
महिला यात्री को व्हीलचेयर के माध्यम से अस्पताल ले जाने के दौरान प्लेटफॉर्म से बाहर निकलते समय अचानक स्थिति ऐसी बन गई कि रास्ते में ही उप निरीक्षक सरिता गुर्जर ने महिला आरक्षी संगीता देवी की सहायता से महिला का सुरक्षित प्रसव कराया। तत्पश्चात जच्चा-बच्चा को उचित इलाज हेतु राजकीय महिला अस्पताल, मुगलसराय पहुंचाया गया, जहां दोनों पूरी तरह स्वस्थ एवं सुरक्षित हैं।
प्रसव कराने वाली महिला यात्री का नाम बबीता कुमारी (उम्र लगभग 30 वर्ष), पत्नी शिव कुमार चौहान, निवासी ग्राम पोस्ट जंधौल रूपन बिगहा, थाना लौद, जिला नवादा (बिहार) है, जो वाराणसी से राजगीर जा रही थीं।
महिला यात्री एवं उसके पति द्वारा रेलवे सुरक्षा बल डीडीयू एवं मेरी सहेली टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया गया। इस त्वरित और साहसिक कार्रवाई से प्रभावित होकर अन्य यात्रियों ने भी आरपीएफ टीम की जमकर प्रशंसा की।









