Search
Close this search box.

बलिया में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026(SIR) का शुभारंभ, 20.54 लाख से अधिक मतदाता पंजीकृत, अंतिम सूची 06 मार्च को

बलिया। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर कराए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को जनपद के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

जिलाधिकारी ने जनपद की सातों विधानसभा क्षेत्रों के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची अपने हाथों से सौंपी। ये विधानसभा क्षेत्र 357- बेल्थरारोड (अ.जा.), 358- रसड़ा, 359- सिकन्दरपुर, 360- फेफना, 361- बलिया नगर, 362- बांसडीह, 363- बैरिया हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि आलेख्य प्रकाशित मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां 06 जनवरी से 06 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन voters.eci.gov.in या ऑफलाइन संबंधित बीएलओ/निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय में दाखिल की जा सकती हैं। यह सूची सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील कार्यालय और मतदान केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।

विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के अनुसार बलिया जिले में कुल 20,54,620 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 11,47,075 पुरुष, 9,07,473 महिलाएं और 72 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि जिनका नाम सूची में नहीं है, वे प्रारूप-6 भरकर अपना नाम जोड़वाएं।

मतदाता सूची से संबंधित जानकारी के लिए वोटर्स ऐप डाउनलोड करने और टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क करने की भी सलाह दी गई। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 06 मार्च 2026 को किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सभी बूथों पर 11 जनवरी को बीएलओ मतदाता सूची का पठन करेंगे।

कार्यक्रम में सीडीओ ओजस्वी राज, सीआरओ त्रिभुवन, अपर पुलिस अधीक्षक कृपा शंकर, एडीएम अनिल कुमार, एसडीएम सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेन्द्र गुप्ता, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, सातों विधानसभा क्षेत्र के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सहायक निर्वाचन अधिकारी अख्तर हसन, सभी बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान “जन गण मन अधिनायक जय हे” के सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिसमें जिलाधिकारी ने उपस्थित लोगों को मतदाता के प्रति शपथ दिलाई।

रिपोर्ट- आनंन्द मोहन मिश्रा

Leave a Comment

और पढ़ें