वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के टकटकपुर स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बंद पड़े आइसक्रीम गोदाम के अंदर शव मिलने की सूचना सामने आई। कंपनी के मैनेजर की सूचना पर कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
कैलाशपुरी कॉलोनी निवासी सौरभ सोनकर ने बताया कि उन्होंने अपना खाली प्लॉट नमस्ते इंडिया कंपनी को आइसक्रीम गोदाम के लिए किराए पर दे रखा है। दीपावली के बाद से यह गोदाम बंद था। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे कंपनी के फ्रीज मैकेनिक सोनू गोदाम पहुंचे थे। आइसक्रीम की ट्राइसाइकिलों की जांच के दौरान उन्होंने वहां एक करीब 35 वर्षीय व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव से दुर्गंध आ रही थी और मुंह से खून निकल रहा था।
घटना की सूचना तत्काल कंपनी के सेल्स एग्जीक्यूटिव मैनेजर विद्यासागर पांडेय और डायल 112 को दी गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कैंट शिवाकांत मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है और पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, कॉलोनी के लोगों का कहना है कि मृतक मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा था और अक्सर इलाके में घूमता रहता था। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि संभवतः वह रात के समय गोदाम में घुस गया होगा और ठंड लगने से उसकी मौत हो गई होगी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।








