प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर ब्लॉक के चलते कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव
यात्री यात्रा से पहले अपनी ट्रेनों से संबंधित अद्यतन स्थिति सुनिश्चित कर लें
चन्दौली/डीडीयू, पूर्व मध्य रेलव के पं. दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अंतर्गत गया जंक्शन पर प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 के उन्नयन कार्य 05 फरवरी 2026 से 21 मार्च 2026 तक निर्धारित ब्लॉक कार्यक्रम के अनुसार किए जा रहे हैं। इन कार्यों के सुचारू निष्पादन को लेकर आज देर शाम मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना द्वारा गया जंक्शन का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म संख्या 2/3 संबंधी कार्य योजना की विस्तार से समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

इस 45 दिन के ब्लॉक के दौरान प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर ट्रेनों का आवागमन नहीं होगा। इन पर आवागमन वाली ट्रेनें अन्य प्लेटफार्म से परिचालित की जाएंगी। इस दौरान संरक्षा-सुरक्षा हेतु यात्रियों से सहयोग अपेक्षित है। बनाए गए बैरिकेडिंग आदि का पालन करें, स्टेशन पर आवागमन हेतु संकेतों वं निर्देशों का अनुसरण करें, ट्रेनों संबंधी अनाउंसमेंट का ध्यान रखें।
निरीक्षण के दौरान संरक्षा, सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षित कार्य प्रणाली तथा यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। उन्नयन कार्यों का उद्देश्य गया जंक्शन को अधिक आधुनिक, सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल बनाना है, जिससे भविष्य में यात्रियों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस उन्नयन कार्य के चलते 05 फरवरी 2026 से 21 मार्च 2026 तक कुछ ट्रेनों के परिचालन में आवश्यकतानुसार बदलाव किया गया है। रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि टिकट बुकिंग एवं यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन से संबंधित नवीनतम जानकारी रेल हेल्पलाइन 139, RailOne ऐप, NTES ऐप/वेबसाइट अथवा स्टेशन इंक्वायरी के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।
निरीक्षण के अवसर पर डीडीयू मंडल के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। रेल प्रशासन यात्रियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करता है और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत है।








