गाजीपुर । जनपद के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मागतपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां प्ररिशिदी गोंड के घर में खाना बनाते समय अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
इस घटना में घर में रखा करीब दो लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।आग लगने के दौरान परिवार के सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन वे अपने घरेलू सामान को नहीं बचा सके।
घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को खबर दी।

मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घरों को जलने से बचा लिया गया। ग्रामीणों ने भी बाल्टी और पानी की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण खाना बनाते समय चूल्हे या गैस से निकली चिंगारी बताया जा रहा है। घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर उचित सहायता देने की बात कही जा रही है।
उमेश यादव रिपोर्टिंग गाजीपुर।





