बलिया । तहसील सदर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम को कथित रूप से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता अशोक कुमार सिंह निवासी सोनवानी ने आरोप लगाया था कि जमीन की पैमाइश कराने के नाम पर उनसे रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद आजमगढ़ एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर तहसील परिसर स्थित कक्ष संख्या-22 में छापा मारा और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
हालांकि गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष निर्भय नारायण सिंह ने एंटी करप्शन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि राजस्व निरीक्षक को गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए तथा किसी भी कर्मचारी को बिना पूरी जांच के दोषी नहीं माना जाना चाहिए।
संघ का कहना है कि आरोपी कर्मचारी का पक्ष भी सुना जाना आवश्यक है। दूसरी ओर एंटी करप्शन टीम का कहना है कि कार्रवाई पर्याप्त साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर की गई है। इस घटना के बाद राजस्व विभाग और कर्मचारी संगठनों में चर्चा तेज हो गई है तथा सभी की नजर अब आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।







