बलिया । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं वरिष्ठ नेता अखिलेश सिंह ने शहर के एक निजी रेस्टोरेंट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या में बने राम मंदिर के निर्माण और चंदा संग्रहण में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। अखिलेश सिंह ने कहा कि यदि भविष्य में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो राम मंदिर चंदे से जुड़े सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर अन्य दलों के सांसदों और नेताओं पर दबाव बना रही है, जिसके कारण कई जनप्रतिनिधि अपनी पार्टियां छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा बताते हुए उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जनता को सजग रहने की आवश्यकता है।
अखिलेश सिंह ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के बढ़ते जनाधार से विपक्षी दलों के नेता घबराए हुए हैं और इसी कारण वे लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी का समर्थन करेगी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।






