Search
Close this search box.

मरूई में शादी समारोह में चली गोली, दूल्हे के बाबा की मौत; दूल्हा-दुल्हन नाबालिग निकले

राजातालाब । थाना क्षेत्र के मरूई गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब हल्दी रस्म के दौरान हुए विवाद के बाद 52 वर्षीय बहादुर राम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक दूल्हे के बाबा थे। घटना बुधवार देर रात की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार मिर्जापुर के बगहा निवासी रेखा देवी और मरूई निवासी हिमांशु राम का विवाह समारोह चल रहा था। लड़की के माता-पिता के निधन के कारण शादी की सभी रस्में वर पक्ष के घर पर ही आयोजित की जा रही थीं। हल्दी कार्यक्रम के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई। आरोप है कि बाद में बहादुर राम को अकेला पाकर गोली मार दी गई।

सूचना मिलते ही जक्खिनी चौकी प्रभारी राम विलास यादव और राजातालाब एसएचओ दयाराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल बहादुर राम को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मौके पर मौजूद विकास और विपिन, जो लड़की पक्ष के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, को हिरासत में लिया गया है। जांच के दौरान दूल्हा और दुल्हन दोनों नाबालिग पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।

Leave a Comment

और पढ़ें