बलिया। 18 जून 2026 युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा आयोजित विकसित भारत युवा संसद 2026 के राष्ट्रीय मंच पर बलिया की प्रतिभाशाली युवती शिप्रा सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले एवं उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।

शिप्रा सिंह ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता से अपनी सफलता की शुरुआत की। 9 मार्च 2026 को एम.एम.टी.डी. कॉलेज, बलिया में आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया। 1 से 3 मई 2026 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा, लखनऊ में आयोजित प्रतियोगिता में उन्होंने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
इसके बाद उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की युवा संसद के लिए हुआ, जिसका आयोजन 15 से 17 जून 2026 तक संविधान सदन (पुराना संसद भवन), नई दिल्ली में किया गया। देशभर से चयनित 108 प्रतिभागियों के बीच शिप्रा सिंह को शिक्षा मंत्री की भूमिका निभाने का अवसर मिला। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य में शिक्षा मंत्रालय की भूमिका, कौशल विकास, रोजगारपरक शिक्षा, महिला साक्षरता तथा पेपर लीक जैसी चुनौतियों के समाधान पर प्रभावशाली विचार प्रस्तुत किए।

उनके संसदीय कौशल और प्रभावशाली वक्तव्य की कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने सराहना की। युवा कार्य मंत्रालय की वरिष्ठ सचिव पल्लवी जैन गोविल ने उनके संबोधन को कार्यक्रम के सर्वश्रेष्ठ वक्तव्यों में शामिल बताया।
बलिया के शीतल दवनी गांव की निवासी शिप्रा सिंह वर्तमान में लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई कर रही हैं। उनकी उपलब्धि जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।





