मेरठ । जिले के लावड़ क्षेत्र के भगवानपुर गांव में डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने की घटना से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। सोमवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने बाबा साहेब की मूर्ति को खंडित कर उसका सिर तोड़ दिया और साथ ले गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुटकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
गुस्साए ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि यह हरकत जानबूझकर सामाजिक माहौल बिगाड़ने के उद्देश्य से की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
किसी भी अप्रिय घटना से बचाव के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।बताया जा रहा है कि यह मूर्ति पूर्व विधायक संगीत सोम द्वारा अपने निजी खर्च से स्थापित कराई गई थी, जिसका अनावरण 30 तारीख को होना था।
घटना से पहले ही मूर्ति तोड़े जाने से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है।









