बलिया । नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने अपने बलिया दौरे के दौरान रसड़ा स्थित नागा जी सरस्वती विद्या मंदिर के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विद्यालय परिवार द्वारा उनका भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में अभिभावक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि विद्या भारती जैसी संस्थाएं केवल आधुनिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि हमारे सांस्कृतिक आदर्श अत्यंत मूल्यवान हैं और उन्हें सहेजना तथा आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि वे शिक्षा के साथ-साथ अपने संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों को भी जीवन में अपनाएं।
मंत्री ने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और अच्छे संस्कार ही सफलता की असली कुंजी हैं और यही गुण भविष्य में एक सशक्त एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण की नींव रखते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। देशभक्ति, भारतीय परंपरा और सामाजिक संदेशों से ओतप्रोत प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री ओजस्वी राज, प्रांत प्रचारक श्री रमेश जी, सह प्रांत प्रचारक श्री सुरजीत जी, प्रबंधक श्री संजय कश्यप और प्रधानाचार्य श्री राजन पांडे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








