बलिया । पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह द्वारा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित शुक्रवार साप्ताहिक परेड की सलामी लेकर उसका निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर उन्होंने पुलिस बल की शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता को बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। स्वयं भी भाग लेते हुए उन्होंने रिक्रूट आरक्षियों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के साथ दौड़ लगाई और टोलीवार ड्रिल कराई, जिससे अनुशासन, समन्वय एवं एकरूपता को मजबूत किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने जनपद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के पासिंग आउट परेड के अभ्यास का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता में सुधार एवं बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सभी को कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त यूपी डायल 112 पीआरवी वाहनों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड किट तथा अन्य आवश्यक संसाधनों का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने उपकरणों की नियमित साफ-सफाई, समुचित रख-रखाव और उनके कुशल संचालन के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर सहित समस्त क्षेत्राधिकारी और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









