Search
Close this search box.

वाराणसी: धोबी घाट का होगा कायाकल्प, नालों से हटेगा अवैध कब्जा—महापौर का सख्त निर्देश

वाराणसी: बरसात के मौसम से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई तेज कर दी है। इसी क्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शुक्रवार को नदेसर व वरुणापार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर नदेसर वार्ड स्थित धोबी घाट नाले पर पहुंचे, जहां उन्होंने रास्ते को तत्काल पक्का करने, अवैध कब्जे हटाने और सुरक्षा के लिए रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नालों के प्रवाह में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई होगी।

इस दौरान उन्होंने पाया कि सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण एक सामुदायिक भवन लंबे समय से बंद पड़ा है। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सीवर लाइन दुरुस्त कर भवन को जनहित में चालू करने के निर्देश दिए।

महापौर ने नालों की सफाई के लिए समयसीमा भी तय की। रनिया महाल नाले की सफाई 10 मई तक, तेलियाबाग सहकारी बैंक से चौकाघाट मार्ग के नाले की सफाई 15 मई तक और मरी माता मंदिर से कैंट रोड तक नाले की सफाई हर हाल में 25 मई तक पूर्ण करने का अल्टीमेटम दिया गया है।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान कई पार्षदों के साथ अपर नगर आयुक्त सविता यादव व जोनल अधिकारी जितेंद्र आनंद भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें