Search
Close this search box.

कास्ट स्क्रूटनी बैठक में फर्जी प्रमाण पत्र पर सख्ती, पारदर्शिता के निर्देश, अनियमितता पर कार्रवाई चेतावनी

बलिया । विकास भवन सभागार में बुधवार को जिला कास्ट स्क्रूटनी कमेटी की बैठक जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में गोंड जाति के प्रमाण पत्र जारी करने से जुड़े मामलों पर गहन समीक्षा की गई। शिकायतकर्ताओं की ओर से उपस्थित वकीलों ने अपने-अपने पक्ष में आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत किए।

शिकायतकर्ता दयाशंकर ने बताया कि वे झारखंड से आए हैं और उनका गोंड जाति प्रमाण पत्र नहीं बन सका है। इस पर जिलाधिकारी ने उनसे झारखंड स्थित उनके परिजनों के जाति प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने को कहा। पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में उनका आवेदन निरस्त करने की बात कही गई।

बैठक में दीपक खरवार के नाम से जारी प्रमाण पत्र पर भी सवाल उठे, जिसमें साक्ष्यों के अनुसार उनका वास्तविक नाम दीपक कुमार कमकर बताया गया। इसके अलावा परमात्मानंद के मामले में जानकारी छिपाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कड़ी चेतावनी दी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जाति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पारदर्शी और नियमों के अनुरूप हो। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।

Leave a Comment

और पढ़ें