वाराणसी । पुलिस कमिश्नरेट में स्टूडेंट पुलिस एक्सपीरिएंशियल लर्निंग प्रोग्राम (SPEL 3.0) के अंतर्गत एक समीक्षा बैठक एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस महानिदेशक (नियम एवं ग्रन्थ) एल.वी. एन्टनी देव कुमार ने की। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशन में संचालित इस 30 दिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के संज्ञानात्मक एवं सामाजिक कौशल का विकास करना तथा उन्हें पुलिसिंग की कार्यप्रणाली से अवगत कराना रहा।
14 जनवरी से 18 फरवरी 2026 तक चले इस कार्यक्रम में कमिश्नरेट वाराणसी के 18 थानों पर छात्रों को कानून, अपराध जांच, यातायात नियंत्रण, साइबर क्राइम, मानव तस्करी और कानून-व्यवस्था जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कुल 120 घंटे की इस प्रशिक्षण प्रक्रिया में प्रतिदिन 4 घंटे की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध नम्रिता श्रीवास्तव ने कार्यक्रम की विस्तृत प्रस्तुति दी। इस दौरान काशी विद्यापीठ, बीएचयू एवं सनबीम वुमेन्स कॉलेज के छात्रों ने अपने अनुभव साझा किए और कार्यक्रम की सराहना की।
साथ ही, NSS से जुड़े शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी इस पहल को सराहा। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस कर्मियों एवं छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह पहल पुलिस और युवाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।







