बलिया । में उत्तर प्रदेश के मत्स्य मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा भाजपा और आरएसएस पर लगाए गए “नफरत भरी सोच” के आरोप निराधार हैं। निषाद ने दावा किया कि राहुल गांधी के नाना भी आरएसएस के प्रशंसक रहे हैं और शाखा में जाया करते थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता से दूर होने के कारण राहुल गांधी इस तरह के बयान दे रहे हैं।
नोएडा में मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के मुद्दे पर बोलते हुए निषाद ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के साथ खड़ी है, जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी कर रहा है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास आलोचना के अलावा कुछ नहीं बचा है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को लेकर राहुल गांधी के बयान पर भी निषाद ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब सरमा कांग्रेस में थे, तब अच्छे थे, लेकिन एनडीए में आने के बाद उन्हें खराब बताया जा रहा है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।








