गंगा एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार सुबह एक और बड़ा हादसा सामने आया, जब लुधियाना से हरदोई जा रही एक डबल डेकर बस संभल जिले में खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार लगभग 30 से 35 यात्री घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को संभल के बहजोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कई घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बदायूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि हादसा सड़क किनारे खड़े ट्रक से अचानक टकराने की वजह से हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि गंगा एक्सप्रेस-वे पर पिछले कुछ दिनों में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रशासन से सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की मांग की जा रही है।







