Search
Close this search box.

वाराणसी: डीएम ने “संपूर्ण समाधान दिवस” पर सुनीं जनता की समस्याएं, त्वरित निस्तारण पर दिया जोर

वाराणसी: जनपद वाराणसी के राजा तालाब तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय “संपूर्ण समाधान दिवस” में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने आम जनता की शिकायतें और समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में विशेष रूप से पुलिस एवं राजस्व विभाग से जुड़े मामलों पर ध्यान केंद्रित किया गया। कई जटिल मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर समाधान कराया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली।

जिलाधिकारी ने थाना प्रभारियों एवं निरीक्षकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने के भी निर्देश दिए।

भूमि विवाद एवं अवैध कब्जों के मामलों को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम गठित करने के निर्देश दिए। इन टीमों को विवादित स्थलों का निरीक्षण कर निष्पक्ष जांच के बाद विधिक समाधान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस समाधान दिवस में कुल 246 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें