गाजीपुर । जिले के मरदह थाना क्षेत्र स्थित मरदह गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 35 वर्षीय मजदूर सतीश पासवान का शव टिन शेड वाले कमरे में साड़ी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची मरदह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सतीश पासवान पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था और पत्नी वंदना व तीन छोटी बेटियों के साथ अलग रहता था। वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। दोपहर में किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ, जिसके बाद वह घर के पास बने बिना दरवाजे वाले टिन शेड के कमरे में चला गया और साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर कमरे में लटकते शव पर पड़ी तो शोर मच गया। घटना के बाद पत्नी वंदना समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी तीन बेटियां साधना (4 वर्ष), संध्या (3 वर्ष) और सौम्या (1 वर्ष) हैं। मरदह थानाध्यक्ष तारावती यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
उमेश यादव गाजीपुर।







