गाजीपुर । पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से बिरनो टोल प्लाजा पर विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक डा. ईरज राजा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात तथा थानाध्यक्ष बिरनो के नेतृत्व में आठ टीमों का गठन किया गया।

अभियान के दौरान बिरनो टोल प्लाजा की आठों लेनों सहित अन्य प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वाले वाहनों, रोडवेज बसों, चार पहिया और दो पहिया वाहनों समेत कुल 319 वाहनों की जांच की गई। जांच में 39 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत ड्रंकन ड्राइविंग की कार्रवाई करते हुए चालान काटे गए।

इसके अलावा 21 अन्य वाहनों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में करीब 4 लाख 30 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
उमेश यादव गाजीपुर।









