बलिया । रसड़ा आदर्श नगर पालिका परिषद रसड़ा के सफाई कर्मचारियों ने अपनी सात सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल के चलते नगर के सभी 25 वार्डों और मुख्य सड़कों पर जगह-जगह कूड़े का अंबार लग गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि पूर्व में उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन देकर दो माह तक मामला टाल दिया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष उमाशंकर रावत के नेतृत्व में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि नगर पालिका में कुछ कर्मचारी बिना कार्य किए वेतन प्राप्त कर रहे हैं, जबकि नियमित सफाई कर्मियों का शोषण और उत्पीड़न किया जा रहा है।
हड़ताली कर्मचारियों ने दो वर्षों से काटे गए पीएफ की राशि खातों में जमा कराने, मृतक आश्रितों की नियुक्ति, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बकाया फंड व पेंशन का भुगतान, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार 466 रुपये प्रतिदिन वेतन देने तथा कर्मचारियों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार पर रोक लगाने की मांग की है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।









