हरियाणा के पानीपत में पुत्रवधु के पहनावे को लेकर चल रहा घरेलू विवाद एक दर्दनाक घटना में बदल गया। आरोप है कि बहू के साथ लगातार तनाव और पारिवारिक कलह से आहत होकर सास सुमन और ससुर राजेश ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान सुमन की मौत हो गई, जबकि राजेश की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दंपती के इकलौते बेटे आशीष ने पिछले वर्ष दिल्ली निवासी स्नेहा से लव कम अरेंज मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि स्नेहा आधुनिक माहौल में पली-बढ़ी थी और गांव के पारंपरिक परिवेश में खुद को सहज नहीं कर पा रही थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजनों का आरोप है कि राजेश और सुमन चाहते थे कि बहू परिवार और गांव की परंपराओं के अनुसार रहे, जबकि स्नेहा इसे अपनी निजी स्वतंत्रता में हस्तक्षेप मानती थी। आरोप यह भी है कि कई बार बहू और सास के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक की नौबत आ गई, जिससे बुजुर्ग दंपती मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी घर में कहासुनी हुई थी। इसके बाद तनाव में आकर राजेश और सुमन ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।








