चन्दौली। /डीडीयू नगर में प्राचीन काली मंदिर के स्थानांतरण को लेकर प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट कमेटी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। सोमवार देर शाम हुई बैठक में एसडीएम मुगलसराय अनूपम मिश्रा ने मंदिर को 13 तारीख तक वर्तमान स्थान से हटाकर शनिदेव मंदिर के पास स्थापित करने का अल्टीमेटम दिया। प्रशासन के इस फैसले से ट्रस्ट सदस्यों और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
बैठक के दौरान एसडीएम ने स्पष्ट किया कि प्रशासन मंदिर निर्माण का विरोध नहीं कर रहा है, लेकिन सीमित जगह और नियमों के तहत ही कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए मंदिर को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करना आवश्यक है।
वहीं मंदिर ट्रस्ट से जुड़े आशु जायसवाल ने प्रशासन पर मनमानी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि बिना सहमति के मंदिर हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि काली मंदिर क्षेत्र का अत्यंत प्राचीन धार्मिक स्थल है, जिससे हजारों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। ट्रस्ट की मांग है कि मंदिर को आसपास ही किसी उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए ताकि श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत न हों।
बैठक में मौजूद स्थानीय लोगों ने भी प्रशासनिक रवैये पर नाराजगी जताई और जल्दबाजी में निर्णय लेने का विरोध किया। लोगों का कहना है कि प्रशासन को बातचीत के जरिए ऐसा समाधान निकालना चाहिए, जिससे धार्मिक आस्था और विकास कार्यों के बीच संतुलन बना रहे। मामले को लेकर पूरे इलाके में चर्चा और तनाव का माहौल बना हुआ है।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।







