वाराणसी । जनपद के वरुणा जोन अंतर्गत चोलापुर थाना क्षेत्र में प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया इन दिनों अपनी कार्यशैली को लेकर लगातार चर्चा में हैं। तेज-तर्रार छवि, अनुशासित कार्यप्रणाली और जनता से सीधे संवाद की वजह से लोग उन्हें “लेडी सिंघम” के नाम से पहचानने लगे हैं। अपराध नियंत्रण को लेकर उनका सख्त रवैया अपराधियों में भय पैदा कर रहा है, वहीं आम जनता के बीच सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
मानसी दहिया की सबसे बड़ी विशेषता यह मानी जा रही है कि वह फरियादियों की समस्याओं को शांतिपूर्वक सुनती हैं और मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करती हैं। थाने पहुंचने वाले लोगों को न केवल गंभीरता से सुना जा रहा है, बल्कि शिकायतों के समाधान में भी तेजी दिखाई दे रही है। इससे क्षेत्रीय लोगों का पुलिस प्रशासन पर भरोसा बढ़ा है।
अनुशासन के मामले में भी उनका रुख बेहद कठोर माना जा रहा है। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी सख्त कार्रवाई की गई है। चोलापुर क्षेत्र में अपराध पर नियंत्रण, पुलिस की सक्रियता और जनता से बेहतर तालमेल ने मानसी दहिया को एक प्रभावशाली और भरोसेमंद अधिकारी के रूप में स्थापित कर दिया है।







