चन्दौली । पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के वार्ड नंबर-3 स्थित पासवान बस्ती और नई बस्ती आवास की करीब 100 महिलाओं ने मंगलवार को स्मार्ट मीटर के विरोध में बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में भारी वृद्धि हो रही है, जिससे गरीब परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाने और बकाया बिजली बिल माफ करने की मांग की।

महिलाओं का कहना था कि वे मजदूरी, झाड़ू-पोछा और बर्तन धोकर परिवार का पालन-पोषण करती हैं, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद हर महीने हजारों रुपये का बिल आ रहा है। आसरा आवास की निवासी संगीता गिरी ने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिल के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। वहीं नई बस्ती की सासो ने कहा कि मजदूरी कर इतना भारी बिल भर पाना संभव नहीं है। आश्रय आवास योजना की लाभार्थी गीता ने बताया कि बिल जमा न कर पाने पर कई परिवारों की बिजली काटी जा रही है।

मामले पर अधीक्षण अभियंता जसमीर सिंह ने कहा कि सरकार प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड में बदल रही है और उपभोक्ताओं को हर महीने एसएमएस व व्हाट्सएप के जरिए बिल भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि पुराने बकाये के भुगतान के लिए 10 किस्तों की सुविधा दी गई है। साथ ही 15 तारीख से विशेष कैंप लगाकर बिल, मीटर और लोड से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।










