बलिया । जनपद में प्रस्तावित मेडिकल बाईपास परियोजना को लेकर प्रशासनिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर बुधवार को मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने प्रस्तावित बाईपास मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने 2.41 किलोमीटर लंबे प्रस्तावित मार्ग के संरेखण का पैदल चलकर वास्तविक स्थिति से मिलान किया। यह बाईपास ग्राम हैबतपुर, विजईपुर और बनकटा से होकर गुजरेगा। अधिकारियों के अनुसार सड़क की कुल चौड़ाई 12 मीटर होगी, जबकि 7 मीटर चौड़ी पिच रोड का निर्माण कराया जाएगा। मौके पर लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) के अधिशासी अभियंता तथा राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद रही।
प्रशासन की सख्ती के बाद बाईपास मार्ग पर किए गए अतिक्रमण को लोग स्वयं हटाने लगे हैं। पूर्व में लगाए गए निशानों के आधार पर ललित कुमार, भीम गुप्ता, नितेश राय सहित 10 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से अवैध कब्जा हटा लिया है। प्रशासन ने साफ किया है कि जो लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ अभियान चलाकर कब्जा हटाया जाएगा।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि मेडिकल बाईपास निर्माण का कार्य गुरुवार से लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में शुरू कर दिया जाएगा, जहां भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता नहीं है। विजईपुर स्थित कटहल नाला पर पुल का निर्माण भी कराया जाएगा। परिवहन मंत्री के प्रयास से परियोजना को शासन से मंजूरी मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। 34 करोड़ रुपये लागत वाली इस परियोजना में 1.5 किलोमीटर भूमि अधिग्रहण पर 7.54 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बाईपास बनने से शहर को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
संजय सिंह रिपोर्टिंग बलिया।










