दुद्धी कोतवाली क्षेत्र की घटना, पुलिस को अब तक नहीं मिली तहरीर
दुद्धी, सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। नशे में धुत पति द्वारा पत्नी की पिटाई किए जाने से नाराज बेटी ने अपनी मां को बचाने के लिए पिता के सिर पर ईंट से वार कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि मामले में अभी तक किसी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान उसे किसी से बात करने का आशंका होने पर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पति ने पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मां को लगातार पिटता देख बेटी खुद को रोक नहीं सकी और बीच-बचाव करने पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पिता नहीं माना और मां की पिटाई जारी रखी तो गुस्से में आई बेटी ने पास में रखी ईंट उठाकर पिता के सिर पर मार दी। ईंट लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने किसी तरह मामला शांत कराया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
इस संबंध में दुद्धी कोतवाली पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








