उत्तर प्रदेश के हरदोई में साइबर पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन अश्लील कंटेंट रैकेट का खुलासा करते हुए BTech इंजीनियर विकास सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फ्री वेबसाइट्स से अश्लील वीडियो डाउनलोड कर उन्हें अपने टेलीग्राम चैनलों पर अपलोड करने और पैसों के बदले बेचने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार विकास सिंह कथित तौर पर प्रत्येक वीडियो या चैनल एक्सेस के लिए करीब 350 रुपये वसूलता था। जांच में सामने आया है कि उसके ग्राहक मुख्य रूप से कक्षा 8 से 12 तक के नाबालिग छात्र-छात्राएं थे, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
साइबर पुलिस को एक AI जनरेटेड वीडियो की शिकायत मिली थी, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई। डिजिटल ट्रैकिंग और बैंक खातों की जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंची। जांच में आरोपी के बैंक खातों में लगभग 2.5 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला, जिसे पुलिस अश्लील वीडियो बेचकर की गई कमाई मान रही है।
पुलिस ने आरोपी के टेलीग्राम नेटवर्क का भी खुलासा किया है, जहां 8 हजार से अधिक अश्लील वीडियो अपलोड बताए जा रहे हैं। साइबर टीम ने संबंधित डिजिटल साक्ष्य कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आरोपी विकास सिंह को प्रयागराज से गिरफ्तार कर हरदोई लाया गया, जहां अदालत में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।







