कौशाम्बी । के संदीपन घाट थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे किनारे थाना के सामने मंगलवार देर रात एक ऑटो चालक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान प्रयागराज के पूरामुफ्ती निवासी मंसूर अहमद के रूप में हुई है, जो ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। शव के पास उसकी ऑटो भी खड़ी मिली, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि मंसूर की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका गया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने थाना के सामने शव मिलने पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि जब थाना क्षेत्र में ही ऐसी घटनाएं हो रही हैं तो आम जनता खुद को सुरक्षित कैसे महसूस करे। पुलिस का कहना है कि मामला संदिग्ध है और हर पहलू से जांच की जा रही है।









