लोहता। थाना क्षेत्र की कोटवा पुलिस चौकी की कमान अब उपनिरीक्षक ऋतुराज मिश्रा को सौंप दी गई है। इससे पहले वह लोहता कस्बा इंचार्ज के पद पर तैनात थे, जहां उन्होंने अपराध नियंत्रण को लेकर प्रभावी कार्रवाई कर अपनी अलग पहचान बनाई थी।
लोहता में तैनाती के दौरान ऋतुराज मिश्रा ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया था। इसके अलावा क्षेत्र में हुई तीन बैटरी चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजा था। उनकी सक्रिय कार्यशैली और अपराधियों के खिलाफ सख्त रवैये की उच्चाधिकारियों ने भी सराहना की थी।
कोटवा चौकी का प्रभार संभालने के बाद स्थानीय लोगों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत करते हुए बधाई दी। नवागत चौकी इंचार्ज ऋतुराज मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र के अतिसंवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी। मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना और क्राइम कंट्रोल उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वहीं स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा अपराध पर प्रभावी लगाम लगेगी।








