चन्दौली । जनपद के पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर स्थित नियमताबाद ब्लॉक के ग्राम सभा अमोघपुर में पिछले 20 दिनों से सीवर के पानी का जल जमाव बना हुआ है। लगातार जमा गंदे पानी के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जलभराव के चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है और बच्चों तथा बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर इसका प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार उन्होंने कई बार वर्तमान ग्राम प्रधान को समस्या से अवगत कराया और सीवर के पानी की निकासी कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामवासियों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान उनकी शिकायतों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थिति गंभीर होने पर ग्रामीणों ने निवर्तमान ग्राम प्रधान लाल बरत चौहान से भी मदद की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर बीडीओ नियामताबाद, एडीओ पंचायत सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन विभागीय स्तर पर अभी तक कोई समाधान नहीं किया गया है।
गांव में फैले गंदे पानी से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सीवर के पानी की निकासी कराकर क्षेत्र को जलभराव से मुक्त कराया जाए, ताकि संभावित बीमारियों और अन्य समस्याओं से बचाव हो सके।
संजय शर्मा ब्यूरो चन्दौली।








