वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रोहनियां थाना क्षेत्र के जोन स्तर के टॉप-10 माफिया और हिस्ट्रीशीटर गोलू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बेटावर निवासी गोलू यादव को पहले ही जिलाबदर घोषित किया जा चुका था, लेकिन वह आदेश का उल्लंघन करते हुए चोरी-छिपे वाराणसी में अपने घर पर रह रहा था।
पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के नेतृत्व में गठित टीम ने रविवार सुबह करीब 11:30 बजे सीपैट कॉलेज करसड़ा के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास मौजूद एक वाहन के वैध कागजात नहीं मिले, जिस पर पुलिस ने वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया।
रोहनियां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 0156/2026 के तहत धारा 3/10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और जिलाबदर आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
अशोक कुमार गुप्ता रिपोर्टिंग।







