गाजीपुर । साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बहरियाबाद थाना पुलिस और साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने यूपीआई धोखाधड़ी के शिकार एक व्यक्ति के खाते से ठगे गए 99,923.86 रुपये वापस कराकर पीड़ित को बड़ी राहत दिलाई। जानकारी के अनुसार, प्यारेपुर निवासी शिवशरन सिंह के साथ ऑनलाइन यूपीआई फ्रॉड हुआ था। घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही साइबर सेल और थाना पुलिस हरकत में आई तथा तकनीकी सहायता से ठगी की गई रकम को तत्काल होल्ड करवा दिया। बाद में न्यायालय के आदेश के बाद पूरी धनराशि सुरक्षित रूप से पीड़ित के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते में वापस भेज दी गई। अपनी रकम वापस मिलने पर शिवशरन सिंह ने पुलिस टीम का आभार जताया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव, कांस्टेबल अंकित कुशवाहा और कांस्टेबल अनुराग वर्मा की अहम भूमिका रही। पुलिस ने लोगों से साइबर ठगी से सतर्क रहने और किसी भी फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 पर शिकायत करने की अपील की है।
संजय यादव ब्यूरो गाजीपुर।







