गाजीपुर । जनपद के विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने सिंचाई, बिजली, खाद वितरण, नहरों में पानी की कमी, ट्रांसफार्मर, कृषि यंत्रों की बुकिंग, पशुओं के टीकाकरण और किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। बैठक में उप कृषि निदेशक विजय कुमार, जिला कृषि अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
किसानों की समस्याओं पर अधिकारियों का फोकस
किसानों ने बताया कि कई सहकारी समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं है, नहरों और माइनरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा तथा जर्जर बिजली के तार और खराब ट्रांसफार्मरों से खेती प्रभावित हो रही है। इसके अलावा एफएमडी टीकाकरण, पशुओं की टैगिंग, ट्यूबवेल की नालियों की मरम्मत और डीजल उपलब्ध कराने की भी मांग की गई। सीडीओ आलोक प्रसाद ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
कृषि योजनाओं की दी जानकारी
उप कृषि निदेशक ने बताया कि कृषि यंत्रों की ऑनलाइन बुकिंग 16 से 30 जुलाई 2026 तक कृषि विभाग के पोर्टल पर होगी। सूखे की संभावना को देखते हुए किसानों को ज्वार, बाजरा, मक्का, तिल, रागी और कोदो जैसी कम पानी वाली फसलों की खेती अपनाने की सलाह दी गई। बैठक में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, खेत तालाब योजना सहित विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी देकर किसानों से अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की गई।






