वाराणसी । कमिश्नरेट वाराणसी की चितईपुर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से विद्युत वायरिंग के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 72 किलोग्राम चोरी का विद्युत वायर, 710 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी (UP65 DV 4580) बरामद कर उसे सीज कर दिया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, थाना चितईपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 174/2026 एवं 175/2026 की विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना मिली कि चोरी किए गए तार बेचने के उद्देश्य से तीन युवक हाईडिल कॉलोनी के पास खाली मैदान में मौजूद हैं। पुलिस व क्राइम टीम ने संयुक्त घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपाल विश्वकर्मा (26), अर्जुन वर्मा (25) और विशाल चौहान (24) के रूप में हुई है। पूछताछ में इनकी निशानदेही पर चोरी के तार बरामद किए गए, जिनमें लगभग 54 किलोग्राम आर.के. पुरम कॉलोनी तथा 18 किलोग्राम गणेशधाम कॉलोनी, सुंदरपुर से चोरी किए गए थे।
कई मामलों में पहले से दर्ज है मुकदमे
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। विशेष रूप से गोपाल विश्वकर्मा के विरुद्ध वाराणसी के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एवं अन्य गंभीर धाराओं के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अर्जुन वर्मा और विशाल चौहान का भी लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। इस सफलता में थाना चितईपुर पुलिस एवं क्राइम टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की संयुक्त भूमिका रही।





