राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र सिगरा में होगा अंडर -15 से अंडर -23 वर्ग का चयन
वाराणसी। भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (NCOE), डॉ. सम्पूर्णानंद खेल परिसर, सिगरा वाराणसी में पुरुष एवं महिला कुश्ती खिलाड़ियों के लिए आवासीय चयन ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। यह ट्रायल 15 जुलाई 2026 एवं 17 जुलाई 2026 को सुबह 7 बजे से आयोजित होगा।

SAI देगा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय
SAI देगा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएंचयनित खिलाड़ियों को एनसीओई में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, खेल किट, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं, आवास एवं भोजन, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के अवसर सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा चिकित्सा सुविधा, जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा, खेल विज्ञान विशेषज्ञों जैसे फिजियोथेरेपिस्ट, स्ट्रेंथ एवं कंडीशनिंग विशेषज्ञ, खेल मनोवैज्ञानिक एवं अन्य सहयोगी सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
चयन ट्रायल में पुरुष एवं महिला वर्ग के अंडर-15, अंडर-17, अंडर-20 और अंडर-23 आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। महिला खिलाड़ियों के लिए 46 किलोग्राम एवं उससे अधिक तथा पुरुष खिलाड़ियों के लिए 55 किलोग्राम एवं उससे अधिक भार वर्ग निर्धारित किया गया है।
पात्र खिलाड़ियों में राज्य स्तरीय चैंपियनशिप के पदक विजेता, राष्ट्रीय चैंपियनशिप के शीर्ष पांच स्थान प्राप्त खिलाड़ी एवं राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिता के शीर्ष पांच खिलाड़ी शामिल हैं।
खिलाड़ियों को जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र, शैक्षणिक प्रमाण पत्र एवं दो नवीनतम पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा। चयनित खिलाड़ियों का आयु सत्यापन भी कराया जाएगा। असाधारण प्रतिभा वाले खिलाड़ियों को चयन समिति की अनुशंसा पर विशेष अवसर दिया जा सकता है।








