वाराणसी । स्थित एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के रेडियोथेरेपी विभाग ने रेडिएशन सुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के मेडिकल फिजिसिस्ट सोनिया, आशीष शर्मा और संजू गोलुई ने भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) के रेडियोलॉजिकल फिजिक्स एंड एडवाइजरी डिवीजन द्वारा आयोजित रेडियोलॉजिकल सेफ्टी ऑफिसर (रेडियोथेरेपी) लेवल-3 प्रमाणन परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की। इसके साथ ही अस्पताल की पूरी मेडिकल फिजिसिस्ट टीम अब परमाणु ऊर्जा नियामक बोर्ड (AERB) के निर्धारित उच्चतम रेडिएशन सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य कर रही है।
अस्पताल की निदेशक एवं क्लीनिकल ऑनकोलॉजिस्ट डॉ. अंकिता पटेल तथा रेडिएशन विशेषज्ञों ने बताया कि पहले से कार्यरत आरएसओ लेवल-3 प्रमाणित डॉ. उपेंद्र गिरी और आकांक्षा पांडे सहित पूरी टीम की निगरानी में रेडियोथेरेपी सेवाएं संचालित की जा रही हैं।
इससे रेडियोथेरेपी उपकरणों का सुरक्षित संचालन, मरीजों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा, विकिरण डोज की सतत निगरानी तथा गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था और अधिक मजबूत व विश्वसनीय हुई है। अस्पताल प्रबंधन ने इसे सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कैंसर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।










